राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष अंतर्गत गांधी पार्क में विजयदशमी उत्सव हर्ष, श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ संपन्न
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष अंतर्गत गांधी पार्क में विजयदशमी उत्सव हर्ष, श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ संपन्न
लखीमपुर खीरी, दिनांक 11 अक्टूबर 2025।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत गांधी पार्क में विजयदशमी उत्सव का आयोजन उत्साह, श्रद्धा एवं राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत होकर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अवध प्रांत के सामाजिक समरसता प्रांत सह संयोजक डॉ राम नरेश उपस्थित रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुराग तिवारी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग सह संघचालक राजेंद्र कटियार, डॉ राम नरेश एवं अनुराग तिवारी द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्य वक्ता डॉ राम नरेश ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में केवल संगठन मात्र नहीं, बल्कि नवजागरण का सशक्त प्रतीक बन चुका है। संघ व्यक्ति के भीतर निहित राष्ट्रभावना को जाग्रत कर, सेवा, समरसता, आत्मानुशासन, संगठन और त्याग के ‘पंच कर्म’ तथा मातृभूमि, समाज, संस्कृति, परंपरा और धर्म के ‘पंच पुराण’ को जीवन में उतारने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि संघ एक जीवन दृष्टि है, जो समाज को समरसता, सेवा और संगठन के सूत्र में पिरोकर राष्ट्र के चरित्र निर्माण की दिशा में सतत कार्यरत है। आज समाज का प्रत्येक क्षेत्र संघ के कार्य की गरिमा और प्रभाव का साक्षी है।
कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासन, एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के पश्चात पथ संचलन नगर के मुख्य मार्गों पर निकाला गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में नागरिकों ने जगह-जगह पथ संचलन का पुष्पवर्षा एवं तालियों से स्वागत किया, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति और उल्लास से गूंज उठा।
इस अवसर पर जिला संघ चालक अवधेश गुप्ता, नगर संचालक अवधेश पुरी, जिला प्रचारक अविनाश, नगर प्रचारक अमरेंद्र, नगर कार्यवाह अरुण दीक्षित, आशीष प्रताप श्रीवास्तव, अमर सिंह, राहुल शुक्ला सहित अनेक स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा उत्सव के सफल आयोजन में सक्रिय योगदान दिया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें