छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ अब जल्द ही संकरी गलियों और जाम के झंझट से होगा मुक्त

गोला शहर को जाम से आज़ादी का रोडमैप तैयार, कॉरिडोर संग चौड़ी सड़कों का खाका


सीडीओ अभिषेक कुमार, विधायक अमन गिरी ने उतारी जमीनी हकीकत, बाईपास से शहर में एंट्री होगी आसान


*सीडीओ-विधायक सड़क पर उतरे, नापी हकीकत… अब शहर को मिलेगी रफ्तार की नई पहचान*


लखीमपुर खीरी, 27 अप्रैल। छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ अब जल्द ही संकरी गलियों और जाम के झंझट से राहत की ओर बढ़ता दिख रहा है। कॉरिडोर निर्माण के साथ शहर को नई रफ्तार देने के लिए प्रशासन ने बड़ा मास्टरस्ट्रोक चला है। गोला शहर में बढ़ते यातायात दबाव और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोला गोकर्णनाथ में सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की दिशा में सीडीओ अभिषेक कुमार ने अहम पहल की है। 


सीडीओ अभिषेक कुमार ने विधायक अमन गिरी और पीडब्ल्यूडी अफसरों के साथ खुद सड़कों पर उतरकर गोला शहर का मुआयना किया और चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण व फोर लेन सड़क का ब्लूप्रिंट तैयार किया।


निरीक्षण के दौरान सीडीओ और विधायक ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ मिलकर कई प्रमुख मार्गों के विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया। योजना के तहत वर्तमान में 7 मीटर चौड़े विकास चौराहे से खुटार मार्ग को चार लेन में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा नानक चौकी से शिवम चौराहा, मिल गेट से विकास चौराहा, विकास चौराहे से तहसील और विकास चौराहे से गोला-शाहजहांपुर मार्ग को टू लेन विद पक्के शोल्डर के साथ बनाया जाएगा, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेलवे, नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण व सुधार पर भी चर्चा की। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।


शहर की तंग सड़कों और बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए तैयार यह प्लान आने वाले दिनों में गोला के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। अफसरों ने उन प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया, जहां चौड़ीकरण की सबसे ज्यादा जरूरत है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को सुगम आवागमन मिल सके।


इसी के साथ एक और बड़ी राहत की तैयारी भी की गई है। सीडीओ, विधायक ने लखीमपुर-अलीगंज मार्ग को सीधे गोला शहर से जोड़ने के लिए नए बाईपास सड़क का भी चिन्हांकन किया है, प्रारंभिक सूचना के अनुसार यह चिन्हित बाईपास (राष्ट्रीय राजमार्ग 730 से गोला रेलवे ओवरब्रिज के पूर्व से दाहिने साइड निकट 135 राजमार्ग सीतापुर अलीगंज गोला तक) है। खास बात यह है कि गन्ना सीजन के दौरान जब सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, तब भी यह बाईपास बड़ी राहत साबित होगा और शहर की रफ्तार थमने नहीं देगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय हाजीपुर मे ईस्ट सेन्ट्रल रेलवे इम्प्लांइज यूनियन के द्वारा जी•एम• स्तरीय पी• एन• एम• मे विभिन्न मुद्दों पऱ वार्ता के साथ कई समाधान किए गए।

रेल कर्मचारियों के लिए बड़ी जीत! CSBF मीटिंग में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय

प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ लखनऊ उत्तर प्रदेश में लखीमपुर में हाशिम पीर बाबा के स्थान पर सभी साथियों की बहाली के लिए दुआ मांगी