नई सोच, नई दिशा और सेवा के संकल्प के साथ नीतू अग्रवाल ने संभाला नव दिशा 2026–27 का अध्यक्ष पदभार
नई सोच, नई दिशा और सेवा के संकल्प के साथ नीतू अग्रवाल ने संभाला नव दिशा 2026–27 का अध्यक्ष पदभार
लखीमपुर। नव दिशा की नवनिर्वाचित अध्यक्षा नीतू अग्रवाल ने मंगलवार को वर्ष 2026–27 का अध्यक्ष पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर शहर के आशीर्वाद होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी नई कार्यकारिणी का परिचय कराया तथा वर्षभर की प्रस्तावित सेवा गतिविधियों एवं परियोजनाओं की जानकारी दी।
अध्यक्षा ने बताया कि इस वर्ष संस्था की थीम "Grow & Flourish" है। इसी थीम को साकार करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्थान के लिए विभिन्न सेवा परियोजनाएँ संचालित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि नव दिशा डिस्ट्रिक्ट द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करते हुए सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाचार माध्यमों के सहयोग से ही संस्था के सेवा कार्य अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचते हैं और समाज की सहभागिता बढ़ती है।
वर्ष 2026–27 की कार्यकारिणी में निर्वतमान अध्यक्ष दीपाली गुप्ता नीतू अग्रवाल अध्यक्ष, कनक बरनवाल सचिव, सारिका गुप्ता कोषाध्यक्ष, लता अग्रवाल आई.एस.ओ. तथा अरुणा अग्रवाल संपादक के रूप में दायित्व निभाएँगी।
यह प्रेस वार्ता संस्था की चार्टर प्रेसिडेंट कुमकुम गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंत में वर्ष 2025–26 की कार्यकारिणी ने नई टीम को औपचारिक रूप से कार्यभार एवं अभिलेख (फाइलों) का हस्तांतरण किया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें