'आस्था रहेगी, जोखिम नहीं'..जालिमनगर घाट का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, स्नान पर रहेगी रोक
'आस्था रहेगी, जोखिम नहीं'..जालिमनगर घाट का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, स्नान पर रहेगी रोक
*कटान क्षेत्र का जायजा लेकर बोले डीएम, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि, स्नान की जगह उपलब्ध कराया जाएगा पवित्र जल*
लखीमपुर खीरी, 23 जुलाई। आगामी श्रावण माह में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएम अंजनी कुमार सिंह एवं एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने तहसील एवं थाना धौरहरा क्षेत्र अंतर्गत जालिमनगर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कटान प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से संवाद कर वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेनानायक द्वितीय वाहिनी पीएसी सीतापुर/बाढ़ आपदा बचाव राहत दल संतोष कुमार मीणा, एएसपी (पूर्वी) पवन गौतम, एसडीएम राशि कृष्णा, सीओ शमशेर बहादुर सिंह, बीडीओ सर्वेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों एवं नदी के कटान को देखते हुए श्रद्धालुओं के नदी में स्नान पर रोक रहेगी। श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए प्रशासन द्वारा नदी का पवित्र जल उपलब्ध कराने की समुचित वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट क्षेत्र में जनजागरूकता के लिए पर्याप्त संख्या में बैनर एवं फ्लेक्स लगाए जाएं, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सभी सुरक्षा संबंधी प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस वर्ष गत वर्षों की अपेक्षा अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
एसपी डॉ.ख्याति गर्ग ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जालिमनगर घाट पर व्यापक पुलिस प्रबंध किए जाएंगे। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा किसी भी व्यक्ति को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और सभी व्यवस्थाओं का सतत अनुश्रवण किया जाएगा।
डीएम-एसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नदी में स्नान करने का प्रयास न करें। प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पूर्ण पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें।श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण ढंग से श्रावण मेले का आयोजन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें