धरा को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ नवदिशा के नए सत्र का शुभारंभ
धरा को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ नवदिशा के नए सत्र का शुभारंभ
लखीमपुर खीरी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इनर व्हील क्लब नवदिशा ने अपने नए सत्र का शुभारंभ वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ किया। क्लब की सदस्य मेखला महरोत्रा के आम के बाग में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने छायादार एवं उपयोगी पौधों का रोपण कर धरती को हरा-भरा और प्रदूषणमुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
क्लब अध्यक्ष नीतू अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्लब पूरे सत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।
वृक्षारोपण के उपरांत सभी सदस्यों ने आम के बाग में प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया, एक-दूसरे को नए सत्र की शुभकामनाएँ दीं तथा सेवा, मित्रता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को और अधिक मजबूत किया।
कार्यक्रम में क्लब की चार्टर अध्यक्ष कुमकुम गुप्ता, सचिव कनक बरनवाल, मेखला महरोत्रा, विभा सक्सेना, नूतन सिंह,प्रीती कपूर, गुजन ,पूजा निगम सहित क्लब की अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें