लखीमपुर खीरी में विशेष अभियान: एडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण, 18245 फॉर्म-6 प्राप्त
लखीमपुर खीरी में विशेष अभियान: एडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण, 18245 फॉर्म-6 प्राप्त
*मतदान स्थलो का लिया जायजा, बीएलओ से जानी प्रगति, दिए निर्देश*
*विशेष अभियान में 3283 बूथ पर प्राप्त हुए 18245 फॉर्म छह*
लखीमपुर खीरी, 18 जनवरी। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए जिले भर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को रविवार को रफ्तार मिल गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित “विशेष अभियान दिवस” में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिले के 3283 बूथों पर कुल 18,245 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बूथों का औचक निरीक्षण किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने क्रमशः राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ के हेल्प डेस्क पर जाकर फॉर्म-6 और फॉर्म-8 की प्रगति व निस्तारण की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने बीएलओ को निर्देश दिए कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके पात्र युवा का नाम मतदाता सूची से न छूटे। उन्होंने समयबद्ध निस्तारण, डोर-टू-डोर जागरूकता और आवेदन की मौके पर जांच पर विशेष जोर दिया।
एडीएम ने आमजन से भी संवाद कर उन्हें मतदाता सूची सुधार और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को दें या voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क करने की अपील भी की गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और तहसीलदार मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें