25 व 30 अक्टूबर, 01 नवम्बर को होगी परीक्षा, 25 परीक्षा केन्द्र बनाए गए, प्रशासन ने कसी कमर
खीरी में 60480 परीक्षार्थी देंगे पीईटी परीक्षा
25 व 30 अक्टूबर, 01 नवम्बर को होगी परीक्षा, 25 परीक्षा केन्द्र बनाए गए, प्रशासन ने कसी कमर
लखीमपुर खीरी, 17 अक्टूबर। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 (PET) को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 25 व 30 अक्टूबर और 01 नवम्बर को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 60480 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन, शुचितापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि प्रशासन परीक्षा को निष्पक्ष और शांति पूर्ण ढंग से कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बताया कि परीक्षा जनपद के 25 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 10,080 परीक्षार्थी बैठेंगे। इस तरह चार पालियों में कुल 60,480 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
*प्रश्नपत्र से लेकर ओएमआर शीट तक रहेगी कड़ी निगरानी*
एडीएम न्यायिक ब्रजपाल सिंह ने परीक्षा की व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा, गोपनीय बॉक्स खोलने, प्रश्नपत्र पुस्तिकाओं के वितरण, उत्तरपत्रकों के संग्रहण और पैकिंग की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाए। रिजर्व लॉजिस्टिक और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित रहे। केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए गए। परीक्षा कक्षों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह वर्जित रहेगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को हिदायत दी कि परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश, बिजली की आपूर्ति और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी।
*रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बनेंगे हेल्प डेस्क*
बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों का पता, आवागमन के मार्ग और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इससे दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें