*संस्कृति शाखा की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जगाई राष्ट्रीय चेतना, सिटी माण्टेसरी इण्टर कालेज की टीम बनी विजेता..*
*संस्कृति शाखा की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जगाई राष्ट्रीय चेतना, सिटी माण्टेसरी इण्टर कालेज की टीम बनी विजेता..*
लखीमपुर खीरी,
राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत स्वरों की मधुर गूंज, भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा और विद्यार्थियों की प्रतिभा का अद्भुत संगम। अवसर था भारत विकास परिषद, नैमिष प्रान्त की संस्कृति शाखा, लखीमपुर खीरी द्वारा आयोजित शाखा स्तरीय हिंदी एवं संस्कृत राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीयता से ओतप्रोत लोकगीत प्रतियोगिता का। स्थानीय सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध करने के साथ ही राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव और भारतीय परंपराओं के प्रति समर्पण का भाव जागृत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पार्चन और सामूहिक वंदेमातरम् गायन के साथ हुआ। राष्ट्रभक्ति के भावों से ओतप्रोत वातावरण में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। प्रतियोगिता में हरिमाया इंटरनेशनल स्कूल, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज, ज्ञान दायिनी विद्या मंदिर तथा गांधी बालोद्यान जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में राष्ट्रीय समूहगान प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति, राष्ट्र की एकता और गौरवशाली परंपराओं का सजीव चित्रण किया। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई, जिसमें प्रथम चरण हिंदी और द्वितीय चरण संस्कृत भाषा में समूहगान का रहा। इसके उपरांत राष्ट्रीयता की भावना से परिपूर्ण लोकगीतों की प्रस्तुति ने समारोह में लोकसंस्कृति के रंग भी बिखेरे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजेंद्र प्रसाद तिवारी 'कंटक', डॉ. रुचि रानी गुप्ता तथा आकांक्षा त्रिपाठी शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के बाद परिणाम घोषित किए। सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज की आर्यावर्त टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता होने का गौरव हासिल किया। श्री गांधी बालोद्यान जूनियर हाईस्कूल की शक्ति टीम उपविजेता रही, जबकि हरिमाया इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने अलकनंदा के नाम से प्रतिभाग कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। ज्ञान दायिनी विद्या मंदिर के प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के प्रबंधक विशाल सेठ ने भारत विकास परिषद संस्कृति शाखा को इस सफल आयोजन के लिए साधुवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और सकारात्मक मूल्यों के विकास के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का उत्कृष्ट संचालन कर रहे संस्कृति शाखा प्रभारी आर्येन्द्र पाल सिंह ने उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संदेश में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय संचालिका लेखनी सेठ, भारत विकास परिषद लखीमपुर शाखा अध्यक्ष प्रबोध कुमार शुक्ला, संस्कृति शाखा सचिव राजशेखर, कोषाध्यक्ष राधा मिश्रा, महिला संयोजिका मंजू सक्सेना, गतिविधि संयोजिका संस्कार शालिनी जायसवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूर्णिमा इन्द्र, मीडिया प्रभारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, आलोक शुक्ला, हरिमाया इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक शरद गुप्ता, आशफी खान, कृष्णा, मोनिका सहित विद्यालय का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें