मितौली तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, न्यायालयों की अलमारियां खुलवाकर देखे अभिलेख
मितौली तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, न्यायालयों की अलमारियां खुलवाकर देखे अभिलेख
रिकॉर्ड रूम से अभिलेखागार तक गहन पड़ताल, जनसुविधाओं की भी जांच; संरक्षण व सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश
लखीमपुर खीरी, 07 फरवरी। शनिवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के साथ तहसील मितौली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
डीएम ने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय की अलमारियां खुलवाकर अभिलेखों की स्थिति देखी और दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। इसके अलावा रिकॉर्ड रूम, भूलेख एवं संग्रह अनुभाग, अभिलेखागार, राजस्व निरीक्षक कार्यालय तथा नजारत अनुभाग की व्यवस्थाओं को परखा। अभिलेखागार में उन्होंने कॉम्पैक्टर खुलवाकर पुराने अभिलेखों का परीक्षण किया। ग्राम किशनपुर की पूर्व षष्ठवार्षिक खतौनी तथा 1359 फसली खसरे का अवलोकन कर अभिलेखों के संरक्षण एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
तहसील परिसर के भ्रमण के दौरान डीएम ने आमजन के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की। वेटिंग बेंच, वाटर कूलर, साफ-सफाई तथा बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुरुष एवं महिला संसाधन कक्षों की क्रियाशीलता भी देखी गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं जनसुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, प्रभारी तहसीदार दिनेश कुमार मौजूद रहे।
*धौरहरा तहसील में एडीएम का औचक निरीक्षण, अभिलेख रख-रखाव पर नाराजगी*
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी शनिवार को तहसील धौरहरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। कई अभिलेखों पर धूल जमी मिली, जिस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में आरके राजीव का कार्य भी अपेक्षित स्तर का नहीं पाया गया। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम कार्यालय के पेशकार के नए होने पर उन्हें प्रशिक्षण दिलाए जाने की बात कही गई। साथ ही पेशकार तहसीलदार को भी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। एडीएम ने तहसील भवन की रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता जताई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*एडीएम न्यायिक ने तहसील पलिया का निरीक्षण*
आज एडीएम न्यायिक अनिल कुमार रस्तोगी ने तहसील पलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संग्रह अनुभाग, रजिस्ट्रार अनुभाग, नजारत, राजस्व लिपिक पटल, उप जिला अधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय और नायब तहसीलदार न्यायालय का अवलोकन किया। अभिलेखों की समीक्षा करते हुए एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को ज़रूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार, तहसीलदार ज्योति वर्मा, नायब तहसीलदार गण और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें