अखंड भारत दिवस पर लखीमपुर में निकली मशाल यात्रा, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश


अखंड भारत दिवस पर लखीमपुर में निकली मशाल यात्रा, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश


लखीमपुर खीरी, 19 अगस्त 2026। अखंड भारत दिवस के अवसर पर बुधवार को लखीमपुर खीरी में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य मशाल यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत उपाध्यक्ष देव जुनेजा ने किया।


मशाल यात्रा शाम करीब 5 बजे विलोबी हॉल मेमोरियल परिसर से शुरू हुई। बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा विलोबी हॉल से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम चौराहा पहुंची, जहां अखंड भारत के संकल्प और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।


इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत उपाध्यक्ष देव जुनेजा ने कहा कि अखंड भारत दिवस के अवसर पर मशाल यात्रा निकालने का मुख्य उद्देश्य भारतवासियों को एकजुटता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि भारत का भू-भाग समय-समय पर अलग-अलग हिस्सों में विभाजित हुआ है और आज जरूरत है कि देशवासी अपनी एकता, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को समझें।


देव जुनेजा ने कहा कि भूटान, पाकिस्तान और अफगानिस्तान सहित जिन क्षेत्रों का इतिहास भारत की सभ्यता और भूगोल से जुड़ा रहा है, उनके अलग होने के बावजूद अखंड भारत की भावना लोगों के मन में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मशाल यात्रा के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि भारतवासी एकजुट रहें और देश की संस्कृति, परंपरा तथा गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाएं।


उन्होंने कहा कि जिस भारत को कभी सोने की चिड़िया कहा जाता था, उसकी चर्चा और पहचान एक बार फिर पूरी दुनिया में होनी चाहिए। संगठन का उद्देश्य लोगों के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और अखंड भारत के विचार को मजबूत करना है।


यात्रा के दौरान श्रीराम चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने मशाल के साथ अखंड भारत के संकल्प को दोहराया और कार्यक्रम का समापन किया।


मशाल यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। वहीं रोडवेज चौकी प्रभारी संचित यादव अपनी पुलिस टीम के साथ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। पुलिस की मौजूदगी में पूरी मशाल यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।


मशाल यात्रा में सीतापुर विभाग संगठन मंत्री रमाकांत, जिला संरक्षक सुनील श्रीवास्तव, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अवधेश वर्मा, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष जसवंत राज, जिला महामंत्री पवन रस्तोगी, जिला कार्यालय अध्यक्ष दुर्गेश रस्तोगी, नगर अध्यक्ष संतोष रस्तोगी, जिला मंत्री कमल ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल वर्मा और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष सच्चिदानंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


वहीं राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी की जिला अध्यक्ष पूजा वर्मा के नेतृत्व में शिखा वर्मा और प्रीति कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी मशाल यात्रा में सहभागिता की।


संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अखंड भारत दिवस पर आयोजित यह मशाल यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और अखंड भारत के संकल्प के प्रति जागरूक करने का प्रयास है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय हाजीपुर मे ईस्ट सेन्ट्रल रेलवे इम्प्लांइज यूनियन के द्वारा जी•एम• स्तरीय पी• एन• एम• मे विभिन्न मुद्दों पऱ वार्ता के साथ कई समाधान किए गए।

रेल कर्मचारियों के लिए बड़ी जीत! CSBF मीटिंग में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय

प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ लखनऊ उत्तर प्रदेश में लखीमपुर में हाशिम पीर बाबा के स्थान पर सभी साथियों की बहाली के लिए दुआ मांगी