मेधा सम्मान समारोह एवं तरुण महोत्सव-2026 का होगा भव्य आयोजन रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 22 व 23 नवंबर को जुटेंगी नगर की प्रतिभाएं, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा अरुण वर्मा होंगी मुख्य अतिथि
मेधा सम्मान समारोह एवं तरुण महोत्सव-2026 का होगा भव्य आयोजन
रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 22 व 23 नवंबर को जुटेंगी नगर की प्रतिभाएं, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा अरुण वर्मा होंगी मुख्य अतिथि
लखीमपुर-खीरी (संवाददाता)। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इण्टर कॉलेज, मिश्रना में आगामी 22 व 23 नवम्बर 2026 को ‘मेधा सम्मान समारोह एवं तरुण महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। विद्यालय की स्थापना के ‘रजत जयंती वर्ष’ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस द्विदिवसीय कार्यक्रम की जानकारी बुधवार को विद्यालय परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य शिप्रा वाजपेई ने बताया कि बालिकाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कार प्रदान करना विद्यालय का सदैव मुख्य उद्देश्य रहा है। शिक्षा की उच्च गुणवत्ता और उत्कृष्ट अनुशासन के कारण माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा विद्यालय को लगातार ‘ए’ वर्ग का प्रमाण पत्र प्राप्त होता रहा है।
मेधावियों और अभिभावकों का होगा सम्मान
प्रधानाचार्य ने बताया कि 22 नवंबर (रविवार) को प्रातः 11:00 बजे विद्यालय प्रांगण में ‘मेधा सम्मान समारोह’ आयोजित होगा। इसमें सत्र 2024-25 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में टॉप-10 स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र तथा उनके माता-पिता को ‘गौरवशाली अभिभावक’ सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं, अन्य सर्वश्रेष्ठ 9 स्थानों पर रहने वाली छात्राओं को सिल्वर मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं, लगातार तीन वर्षों से शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाली बहनों तथा श्रेष्ठ कार्य करने वाले आचार्य/आचार्याओं व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा अरुण वर्मा तथा मुख्य वक्ता के रूप में विद्या भारती के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय उपस्थित रहकर छात्राओं का मार्गदर्शन करेंगे।
तरुण महोत्सव में दिखेगी रचनात्मकता की झलक
छात्राओं की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने और उन्हें खुला मंच देने के लिए 22 व 23 नवम्बर को द्विदिवसीय ‘तरुण महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अन्तर्विद्यालयीन महोत्सव में नगर के विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं भी प्रतिभाग करेंगी। महोत्सव के अंतर्गत जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) के लिए हस्तकला प्रदर्शनी, रंगोली, मेंहदी, समूह व एकल गायन, चित्रकला/पोस्टर, प्रश्न मंच, केश सज्जा व मेकअप, वीडियो मेकिंग, कलश व पूजनथाल सज्जा, सलाद सज्जा, नॉन-फायर कुकिंग, कवि सम्मेलन और नृत्य जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु नगर के कला क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें