मतदाता सूची में नाम जोड़ने को बूथों पर जुटा प्रशासन, डीएम ने परखी अभियान की रफ्तार बीएलओ से लिया फॉर्म-6 का ब्योरा, पात्र युवाओं का नाम जोड़ने में न बरतें ढिलाई

मतदाता सूची में नाम जोड़ने को बूथों पर जुटा प्रशासन, डीएम ने परखी अभियान की रफ्तार

बीएलओ से लिया फॉर्म-6 का ब्योरा, पात्र युवाओं का नाम जोड़ने में न बरतें ढिलाई





*सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक चले विशेष कैंप, एसडीएम ने भी क्षेत्र में भ्रमण कर बढ़ाया बीएलओ का उत्साह*


लखीमपुर खीरी, 21 नवंबर। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2027 के तहत जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाकर मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहे और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराया।


अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तहसील धौरहरा के अंतर्गत परिषदीय विद्यालय सिसैया कला में स्थापित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति भी जानी और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के कार्य को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया। वही प्राप्त फार्मो को आज ही ऑनलाइन फीड करने के निर्देश दिए।


डीएम ने बीएलओ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें पूरे मनोयोग और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य केवल फॉर्म भरवाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।


निरीक्षण के दौरान तहसीलदार धौरहरा विशाल शाह सहित संबंधित सुपरवाइजर और राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिले के सभी उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर विशेष कैंपों की निगरानी करते रहे और बीएलओ का उत्साह बढ़ाया।


*पात्र नागरिकों से पंजीकरण की अपील*

प्रशासन का जोर है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिक और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना पंजीकरण कराएं। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की पहली और जरूरी सीढ़ी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय हाजीपुर मे ईस्ट सेन्ट्रल रेलवे इम्प्लांइज यूनियन के द्वारा जी•एम• स्तरीय पी• एन• एम• मे विभिन्न मुद्दों पऱ वार्ता के साथ कई समाधान किए गए।

रेल कर्मचारियों के लिए बड़ी जीत! CSBF मीटिंग में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय

प्रतापगढ़ के नामी-गिनामी वकील पुष्पराज सिंह जी जो पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष जु.बा.ए.(पुरातन) प्रतापगढ़ है जिन्हें लोग हंड्रेड डायल भी कहते हैं से सीधी बात